हॉलीवुड फिल्म ‘ऑब्सेशन’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार, फिल्म ने छठे दिन कमाए इतने करोड़ रुपये

0
हॉलीवुड फिल्म ‘ऑब्सेशन’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार, फिल्म ने छठे दिन कमाए इतने करोड़ रुपये

हॉलीवुड की सुपरनैचुरल हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। जहां हालिया रिलीज हिंदी फिल्मों को दर्शकों से उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है, वहीं यह हॉरर थ्रिलर दर्शकों की पहली पसंद बनती जा रही है। फिल्म ने रिलीज के छठे दिन भी संतोषजनक कमाई दर्ज कर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी है।

छठे दिन कितनी हुई कमाई?

रिपोर्ट के अनुसार, ‘ऑब्सेशन’ ने रिलीज के छठे दिन लगभग 2.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इससे पहले पांचवें दिन फिल्म ने 3 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इसी के साथ फिल्म की भारतीय बॉक्स ऑफिस की कमाई छह दिनों में 15.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

हर दिन बढ़ रहा दर्शकों का क्रेज

फिल्म ने पहले दिन 1.75 करोड़ रुपये के साथ ओपनिंग की थी। दूसरे दिन शनिवार को कमाई बढ़कर 2.75 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि रविवार को फिल्म ने 3.25 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया। सप्ताह की शुरुआत में भी फिल्म की रफ्तार धीमी नहीं पड़ी और सोमवार को 2 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई। पांचवें दिन 3 करोड़ रुपये के कलेक्शन के बाद छठे दिन भी फिल्म ने अच्छी पकड़ बनाए रखी।

बॉलीवुड फिल्मों को दे रही कड़ी टक्कर

इस समय सिनेमाघरों में कई हिंदी फिल्में प्रदर्शित हो रही हैं, जिनमें चांद मेरा दिल, पति पत्नी और वो दो और द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो शामिल हैं। इसके बावजूद दर्शकों का रुझान ऑब्सेशन की ओर अधिक दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में पेद्दी, बंदर और है जवानी तो इश्क होना है जैसी नई फिल्मों की रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस की प्रतिस्पर्धा और दिलचस्प हो सकती है।

क्या है फिल्म की कहानी?

‘ऑब्सेशन’ एक सुपरनैचुरल साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म है, जिसकी कहानी बेयर नाम के युवक के इर्द-गिर्द घूमती है। एक म्यूजिक स्टोर में काम करने वाला बेयर अपनी दोस्त निक्की से प्यार करता है, लेकिन अपने दिल की बात कह नहीं पाता। हालात तब बदलते हैं जब वह एक रहस्यमयी जादुई गुड़िया की मदद से अपनी इच्छा पूरी करने की कोशिश करता है। उसकी चाहत तो पूरी हो जाती है, लेकिन इसके बाद घटनाओं की एक भयावह श्रृंखला शुरू हो जाती है, जो कहानी को डर और रहस्य से भर देती है।

फिल्म का लेखन और निर्देशन करी बार्कर ने किया है। अपने डरावने माहौल, मनोवैज्ञानिक रोमांच और अलग कहानी के कारण यह फिल्म दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

(साभार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *