भट्टोवाला गोलीबारी कांड- महिला आयोग की अध्यक्ष ने एम्स पहुँचकर जाना घायलों का हाल

0
भट्टोवाला गोलीबारी कांड- महिला आयोग की अध्यक्ष ने एम्स पहुँचकर जाना घायलों का हाल

​देवभूमि की शांति भंग करने वाले बाहरी अपराधियों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शेगी सरकार, आयोग रख रहा पल-पल की नजर

​एसएसपी देहरादून को फोन पर दिए निर्देश, सत्यापन अभियान के साथ ‘पुलिस मित्र’ की सक्रियता बढ़ाने पर जोर

​ऋषिकेश। ऋषिकेश के भट्टोवाला क्षेत्र में हुई गोलीबारी की दुस्साहसिक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने गहरा क्षोभ और चिंता व्यक्त की है। स्वयं ऋषिकेश की निवासी होने के नाते स्थानीय जनता और संपूर्ण देवभूमि की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने इस वारदात के तुरंत बाद संवेदनशीलता दिखाई और तत्काल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश का दौरा किया। वहां उन्होंने गोलीबारी में घायल हुए दोनों युवकों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली तथा अस्पताल प्रशासन व वरिष्ठ चिकित्सकों को निर्देशित किया कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और उन्हें उच्च स्तरीय व त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल परिसर में मौजूद पीड़ित परिवारों व तीमारदारों से विस्तृत भेंट कर उन्हें ढाँस बंधाया और कड़े शब्दों में आश्वासन दिया कि इस कायराना कृत्य को अंजाम देने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने तत्काल कोतवाली प्रभारी (एसएचओ) ऋषिकेश कैलाश चंद्र भट्ट से घटना की पूरी जानकारी ली। मामले में लगातर उनसे संपर्क बनाये हुए है, इसके पश्चात उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को फोन के माध्यम से कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में शामिल तीनों आरोपी मूल रूप से बिहार के रहने वाले मुस्लिम समुदाय से हैं, जिनमें से एक आरोपी दिल्ली में कार्यरत है और दूसरा स्थानीय स्तर पर ऋषिकेश के ढालवाला क्षेत्र में यहाँ एक हिंदू परिवार में विवाह किया हुआ है। पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से तमंचा और कारतूस बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अध्यक्ष ने एसएसपी को निर्देश दिए कि फरार अन्य आरोपियों की भी जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना रहे। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जो भी तत्व देवभूमि की कानून-व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने का प्रयास करेंगे, उनके विरुद्ध प्रशासन द्वारा कठोरतम कार्रवाई होगी और किसी भी अपराधी को बचने का मौका नहीं मिलेगा।

​इस घटना के गहरे विश्लेषण के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए बाहरी और अनजान व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत करने के लिए ‘पुलिस मित्र’ की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष बल दिया है। अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण और रिहायशी इलाकों के बीच अचानक पहुँचने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के वास्तविक उद्देश्य की गहन जांच होनी चाहिए, क्योंकि गांवों में घुसकर नशा करना और इस तरह की हिंसक वारदातों को अंजाम देना एक अत्यंत गंभीर विषय है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर पुलिस मित्र की सक्रियता बढ़ाने से संदिग्ध गतिविधियों पर न सिर्फ पैनी नजर रखी जा सकेगी, बल्कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर पुलिस तंत्र तुरंत और त्वरित गंभीर कार्रवाई भी कर सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *